कंझावला केस में CCTV से खुलासा: हादसे के समय स्कूटी पर अकेली नहीं थीं लड़की, दोनों लड़कियों के बीच हुई थी लड़ाई

CCTV revealed in Kanjhawala case: The girl was not alone on the scooty at the time of the accident

नई दिल्ली: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में हुए खौफनाक हादसे में एक और खुलासा हुआ है। इस हादसे में शिकार हुई लड़की का एक और CCTV फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में युवती 31 दिसबर की रात में 1:45 बजे होटल से बाहर निकलती है। इसके बाद वह अपनी दोस्त के साथ स्कूटी पर निकल जाती है। इस मामले की जांच में एक और नया मोड़ सामने आया है। जांच में यह बात सामने आई है कि सेक्टर- 24 रोहिणी स्थित दीवान पैलेस होटल में लड़की और उसकी साथी ने एक कमरा बुक कराया गया था। जहां दोनों लड़कियों में झगड़ा हुआ था। इस पर होटल प्रशासन ने इनको बाहर निकाल दिया था। होटल के बाहर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान होटल के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों को समझाया भी था। इसके बाद ही लड़कियां एक साथ स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। जिसका वीडियो भी Viral हो रहा है।

होटल मैनेजर ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि वो दोनों बहस कर रही थीं तब नाइट वाले मैनेजर ने उनको कहा कि लड़ो मत फिर वो नीचे जाकर लड़ने लगीं। नीचे जब वो लड़ रही थीं तो आस-पड़ोस वालों ने भी उन्हें रोका जिसके बाद वो स्कूटी पर बैठकर चली गईं।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक कुछ लड़कों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है जो एक होटल में लड़कियों के साथ देखे गए थे। लड़कों का अलग कमरा बुक था और होटल स्टाफ ने उन्हें लड़की से बात करते देखा था।

CCTV फुटेज में मृतक युवती के साथ के एक अन्य लड़की के हादसे के वक्त साथ होने की पुष्टि दिल्ली पुलिस ने की है। बता दें कि दिल्ली के कंझावला में नए साल वाले दिन एक युवती का नग्न हालत में शव मिला था। सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव कई हिस्से क्षत-विक्षत हो चुके थे। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर पुलिस को एक दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी भी पड़ी मिली। स्कूटी का फ्रंट राइट साइड हिस्सा क्षतिग्रस्त था। पुलिस को मौके पर कोई गवाह नहीं मिला। हां, मौके से एक जूता जरूर मिला।

स्कूटी के नंबर के आधार पर युवती की जानकारी जुटाई। जांच के बाद पुलिस ने उस कार को भी बरामद कर लिया जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने एक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुल्तानपुरी थाने में दर्ज FIR (नंबर-2/23) से खुलासा हुआ है कि आरोपी अमित व दीपक ने कार मालिक आशुतोष को बताया है कि उन्होंने ज्यादा शराब पी रखी थी। उन्होंने किशन विहार में एक स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी थी। डर की वजह से वह मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने यह नहीं देखा कि युवती कार में फंस गई है। पांचों आरोपियों ने जब कंझावला रोड पर जोंटी गांव के पास कार रोकी तो उन्होंने युवती को कार में फंसा देखा।

आरोपियों ने युवती को कार के नीचे से निकाला और उसे खुले आसमान के नीचे सर्दी में वहीं फेंककर चले गए। हैरान करने वाली बात यह है कि युवती के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। दूसरी तरफ इस मामले में गृह मंत्रालय ने संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।

FIR में कहा गया है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी पड़ी मिलने की सूचना पर पुलिस ई-7/डी-2 शनि बाजार रोड किशन विहार पहुंची। स्कूटी का मालिकाना निकलवाया गया तो पता लगा कि स्कूटी एम-ब्लॉक, मंगोलपुरी निवासी रेखा के नाम रजिस्टर्ड है। पता लगा कि वह 05 साल पहले घर खाली करके चले गए हैं। कॉलर से मिले रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पता लगा कि कार सेक्टर-एक, रोहिणी निवासी आशुतोष की है। आशुतोष ने बताया कि कार को उसका दोस्त अमित खन्ना व दीपक खन्ना 31 दिसंबर को शाम 07 बजे मांगकर ले गए थे।

दीपक व अमित ने आशुतोष को बताया था कि किशन विहार में एक लड़की का एक्सीडेंट हो गया है। कंझावला रोड पर पता चला कि कार के नीचे लड़की फंसी हुई है। इन्होंने लड़की को कार के नीचे से निकाला और और उसे वहीं फेंककर चले गए। कार को दीपक चला रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *