कांग्रेस नेता राजा पटेरिया ने PM Modi के लिए कहे अपशब्द, FIR करने के आदेश

Congress leader Raja Pateria abuses PM Modi

नई दिल्ली: कांग्रैस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने पन्ना में ‘पीएम मोदी की हत्या’ की बात कहकर नया हंगामा खड़ा कर दिया है। ऐसा कहकर वह बीजेपी नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। हालांकि, जब इस मामले में विवाद बढ़ा तो राजा पटेरिया ने सफाई दी कि मैंने हत्या करने की बात नहीं कही, बल्कि अगले चुनाव में मोदी (PM Modi) को हराने की बात कही है। फ्लो में हो जाता है। इस मामले में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस को उनके खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं।

राजा पटेरिया रविवार को पन्ना में कांग्रेस के एक प्रोग्राम में कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे थे। वायरल वीडियो के मुताबिक इसमें वह कह रहे हैं- ‘मोदी इलेक्शन खत्म कर देगा। मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा। दलितों का, आदिवासियों का, अल्पसंख्यकों का भारी जीवन खतरे में है। संविधान अगर बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो, हत्या इन द सेंस हराने का काम करो।’

इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वालों की असलियत सामने आ रही है। माननीय मोदी जी जनता के दिलों में बसते हैं। संपूर्ण देश की आस्था और श्रद्धा के केंद्र है। मैदान में उनसे मुकाबला नहीं कर पाते कांग्रेस के लोग इसलिए कांग्रेस के एक नेता मोदी जी की हत्या की बात कर रहे हैं। यह विद्वेष की पराकाष्ठा है। यह घृणा की अति है। कांग्रेस की असली भाव अब प्रकट हो रहे हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। FIR की जा रही है और कानून अपना काम करेगा।’

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने वीडिया किया साझा

इससे पहले मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राजा पटेरिया के बयानों को मैंने सुना। उससे साफ जाहिर होता है कि यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं हैं। यह इटली की कांग्रेस है। इटली की मानसिकता मुसोलिनी वाली रहती है। जिस तरह राहुल गांधी की यात्रा में कन्हैया कुमार, सुशांत जी चल रहे हैं। उनसे भी साफ होता है कि माननीय प्रधानमंत्री के खिलाफ इस बेहद आपत्तिजनक बयान जो कि माननीय पटेरिया ने दिया है, मैं तत्काल एसपी को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दे रहा हूं। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा कि पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या के लिए जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाया। यह अत्यंत गंभीर और निंदनीय है। क्या हाल ही में मध्यप्रदेश से निकली राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में इस साजिश की तैयारी हुई? इसकी जांच होनी चाहिए।

AAP में शामिल हुए अली मेहदी के साथ 2 कांग्रेसी पार्षद, 24 घंटे में की घर वापसी

पटेरिया ने दी सफाई, सारंग ने किया पलटवार

इस बीच मामले को तूल पकड़ता देख राजा पटेरिया भी अपने बयान पर सफाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि मैं महात्मा गांधी की विचारधारा पर चलने वाला व्यक्ति हूं। मेरा बोलने का उद्देश्य नरेंद्र मोदी की हत्या करना नहीं बल्कि अगले चुनावों में उन्हें पराजित करने का था। पटेरिया की सफाई से भी भाजपा संतुष्ट नहीं है। मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह के बयान को धमकी माना जाता है। कांग्रेस में पीएम मोदी की लोकप्रियता से बौखलाहट है। सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को मौत का सौदागर कहा था तो कमलनाथ और दिग्विजय लगातार पीएम मोदी को लेकर अनर्गल टिप्पणी करते हैं। पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है। पटेरिया पर हत्या की साजिश रचने की एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। वायरल वीडियो में यह साफ है कि पटेरिया हत्या की योजना बना रहे हैं। मामला बेहद संगीन है। यह सोची-समझी साजिश है, अगर वो महात्मा गांधी को मानते तो उनकी जुबान पर हत्या की बात नहीं आती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *