द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति, पीएम ने घर जाकर दी बधाई

Draupadi Murmu won the presidential election: first tribal and second woman president of the country

नई दिल्ली: द्रौपदी मुर्मू ( Draupadi Murmu) देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी। वे इस सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं। गुरुवार को हुई काउंटिंग में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की प्रत्याशी मुर्मू ने यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (UPA) के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को तीसरे राउंड की गिनती में ही हरा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।

मुर्मू को जीत के लिए जरूरी 5 लाख, 43 हजार, 261 वोट तीसरे राउंड में ही मिल गए। थर्ड राउंड के बाद उन्हें 5 लाख, 77 हजार, 777 वोट मिले। यशवंत सिन्हा को 2 लाख, 61 हजार, 62 वोट ही मिले। इसमें राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों समेत 20 राज्यों के वोट शामिल हैं।

मुर्मू को केरल से सिर्फ एक और सिन्हा को 3 राज्यों से एक भी वोट नहीं

राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की गिनती गुरुवार देर रात 4 राउंड में पूरी हुई। कुल 4,754 वोट पड़े थे। गिनती के वक्त 4,701 वोट वैध और 53 अमान्य पाए गए। कुल वोटों का कोटा 5,28,491 था। इसमें द्रौपदी मुर्मू को कुल 2,824 वोट मिले। इनकी वैल्यू 6 लाख 76 हजार 803 थी। केरल से मुर्मू को सबसे कम सिर्फ एक और UP से सबसे ज्यादा 287 वोट मिले।

Draupadi Murmu

वहीं, यशवंत सिन्हा को कुल 1,877 वोट मिले, जिनकी वैल्यू 3 लाख, 80 हजार, 177 रही। दूसरी तरफ सिन्हा को आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम से एक भी वोट नहीं मिला। उन्हें सबसे ज्यादा 216 वोट पश्चिम बंगाल से मिले। वोट प्रतिशत की बात करें तो द्रौपदी मुर्मू को 64% और यशवंत सिन्हा को 36% वोट मिले।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोकसभा स्पीकर ने दी बधाई

PM Modi ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा- भारत ने इतिहास लिखा हैं। जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा हैं, पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की बेटी को राष्ट्रपति चुना गया हैं। द्रौपदी मुर्मू को बधाई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी मुर्मू को बधाई दी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुर्मु को शुभकामनाएं दीं। कहा- राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने पर मुर्म को बधाई। वे गांव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रहीं हैं। आज वे उनके बीच से निकलकर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचीं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत हैं।

यशवंत सिन्हा ने मुर्मू को दी बधाई

विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा- द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। देश को उम्मीद हैं कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

फर्स्ट राउंड में मुर्मू को 540 और सिन्हा को 208 सांसदों के वोट मिले

राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल पीसी मोदी के मुताबिक सांसदों के वोटों मे से द्रौपदी मुर्मू को 540 वोट मिले। इनकी कुल वैल्यू 3 लाख 78 हजार हैं। यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों के वोट मिले। इनकी वोट वैल्यू 1 लाख 45 हजार 600 हैं। 15 सांसदों के वोट रद्द हो गए। सूत्रों के मुताबिक, 17 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की हैं।

मुर्मू के गांव समेत देशभर में जीत का जश्न

Draupadi Murmu

NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद उनके ओडिशा स्थित पैतृक गांव और देश के बाकी हिस्सों में जश्न का माहौल हैं। लोग ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए जीत की खुशियां मना रहे हैं। ओडिशा के मयुरभंज जिले में रायरंगपुर कस्बे के मुर्मू के गांव और ससुराल में उनके चाहने वाले लड्‌डू बांटकर सेलिब्रेट कर रहे हैं।

25 को शपथ ग्रहण, भाजपा कार्यालय में जश्न की तैयारी

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा हैं। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *