सवाईमाधोपुर: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में आज RBI के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन (Former RBI Governor Raghuram Rajan) जुड़े हैं। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे। आर्थिक मुद्दों पर रघुराम राजन बेबाक राय रखते रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा में लगातार अलग-अलग क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं। राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।
इससे पहले मंगलवार को दौसा में ही राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे मिले। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शहर के आगरा रोड और लालसोट ओवरब्रिज पर लिखे इन स्लोगन को तुरंत मिटाया गया हैं।
यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट

आज राहुल की यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोति से शुरू हो चुकी हैं। सुबह 10 बजे यात्रा बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंचेगी। टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक हैं। 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। शाम 06:30 बजे दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा का लास्ट पॉइंट हैं। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा रखी गई हैं। लालसोट के पास बीलोना कलां में यात्रा का नाइट स्टे रखा गया हैं।
राहुल गांधी की राजस्थान में यात्रा का आज 10वां दिन हैं। 19 दिसंबर तक यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। दौसा जिले में ही 16 दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। राजस्थान में यात्रा का आधे से ज्यादा सफर तय हो चुका हैं।

राहुल गांधी की यात्रा अब सचिन पायलट के प्रभाव वाले इलाकों से गुजर रही हैं। यात्रा में पायलट समर्थकों की संख्या भी बढ़ने लगी हैं। यात्रा के दौरान पायलट समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी करते देखे-सुने जा सकते हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद सप्ताह लंबा ब्रेक आएगा। 24 दिसंबर से 02 जनवरी तक यात्रा का ब्रेक रहेगा। यात्रा के ब्रेक वाले दिनों में राहुल गांधी लोकसभा में जा सकते हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 16 दिसंबर को यात्रा के 100 दिन पूरा होने पर राहुल गांधी जयपुर जाएंगे। वहां सुनिधि चौहान के म्यूजिक इवेंट में सभी यात्री शामिल होंगे।