UP में आज से CM योगी 2.0 राज LIVE:12 CM और 49 उद्योगपति आएंगे, अमिताभ बच्चन भी कर सकते हैं शिरकत

CM yogi

लखनऊ: मैं आदित्यनाथ योगी ईश्वर की शपथ लेता हूं। इस लाइन के साथ ही यूपी में CM योगी Yogi सरकार 2.0 राज शुरू हो जाएगा। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 4 बजे योगी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 49 साल के योगी प्रदेश के 38वें मुख्यमंत्री होंगे।19 साल बाद योगी पहले ऐसे CM बनने वाले हैं, जो विधानसभा चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री बन रहे हैं। योगी से पहले 2003 में मुलायम सिंह यादव विधायक का चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री बने थे। पिछली बार योगी MLC बने और CM बने थे। गुरुवार शाम को विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक अमित शाह की मौजूदगी में योगी को नेता चुना गया।

पीएम-गृहमंत्री समेत 12 BJP शासित राज्यों के CM रहेंगे मौजूद:

CM yogi

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत 12 भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। योग गुरु बाबा रामदेव, विभिन्न मठों और मंदिरों के महंत, उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया हैं। इसके अलावा, विपक्ष की नेता सोनिया गांधी, प्रियंका-राहुल, मुलायम सिंह, अखिलेश यादव और मायावती को भी न्योता भेजा गया हैं। हालांकि, अखिलेश ने पहले ही शपथ ग्रहण में शामिल होने से इंकार कर दिया हैं।

विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यूपी की 403 में से 273 सीट पर जीतकर प्रचंड जीत हासिल की हैं। इसके साथ ही भाजपा ने 37 साल का रिकॉर्ड तोड़ा हैं। लगातार दूसरी बार किसी दल की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी हैं। इसके पहले 1980 के बाद 1985 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जोरदार वापसी की थी। इसके बाद 37 साल हो गए, लेकिन कोई पार्टी सरकार दोबारा नहीं बना सकी थी।

हिंदुत्व के एजेंडे को धार, 27 हजार मंदिरों में होगी पूजा:

शपथ ग्रहण को ऐतिहासिक बनाने के लिए BJP ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी हैं। 2024 के लिए पार्टी अपने कोर एजेंडे हिंदुत्व को और धार देने की तरफ बढ़ रही हैं। यही कारण हैं कि शपथ से पहले प्रदेश के 27 हजार मंदिरों में सुबह कार्यकर्ता पूजा करेंगे।अयोध्या, काशी और मथुरा में सुबह से ही मंदिरों में पूजा और शंखनाद होगा। CM के शहर गोरखपुर में भी 200 से ज्यादा स्क्रीन पर शपथ ग्रहण का लाइव टेलिकास्ट होगा।

40 से 45 मंत्रियों के शपथ लेने की तैयारी, नए चेहरों को मौका:

योगी के साथ 40 से 45 मंत्री भी शपथ लेंगे।दो डिप्टी सीएम भी बनाए जाने हैं। केशव मौर्य का नाम लगभग तय हैं। दूसरा कौन होगा? यह अब तक तय नहीं हैं। सूत्रों की मानें तो दूसरे नाम के लिए 5 नाम दौड़ में हैं। इनमें दिनेश शर्मा, बेबी रानी मौर्य, बृजेश पाठक, स्वतंत्र देव सिंह और एके शर्मा शामिल हैं। दिल्ली में देर रात तक चली बैठक में इन नामों पर चर्चा हुई हैं।

हालांकि, मंत्रियों के नाम और संख्या के बारे में पार्टी की तरफ से कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई हैं। योगी मंत्रिमंडल में प्रोफेशनल और युवा चेहरों को ज्यादा तरजीह दी जानी तय हैं। ऐसे में अपर्णा यादव, असीम अरुण, राजेश्वर सिंह, आशीष पटेल जैसे नाम शामिल किए जाने की चर्चा हैं।

12 सीएम, 5 डिप्टी सीएम आएंगे:

शपथ ग्रहण में भाजपा शासित 12 राज्यों के सीएम आएंगे। इनमें शिवराज सिंह चौहान (मध्यप्रदेश) मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा), पेमा खांडू (अरुणाचल प्रदेश) एमएन वीरेन सिंह (मणिपुर), जयराम ठाकुर (हिमाचल प्रदेश), बिप्लब देव (त्रिपुरा), प्रमोद सांवत (गोवा), हेमंत बिस्वा शर्मा (असम), बसवराज बोम्मई (कर्नाटक), भूपेन्द्र पटेल (गुजरात), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड) शामिल होंगे। इसके अलावा, 5 डिप्टी सीएम भी शामिल होंगे। इनमें तारकेश्वर सिंह (बिहार), रेणु देवी (बिहार), यानथुंगो पैटन (नागालैंड), चौना मीन (अरुणाचल प्रदेश) और जिष्णु देव वर्मा (त्रिपुरा) हैं।

अंबानी-अडानी समेत 49 उद्योगपति भी आएंगे:

यूपी की इकोनॉमी को बूस्टर डोज देने के मकसद से शपथ ग्रहण समारोह में देशभर के 49 उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया हैं। बेहतर कानून व्यवस्था के नाम योगी पहले कार्यकाल में ही लगातार उद्योगपतियों से यूपी में निवेश के लिए संपर्क कर रहे हैं। चुनाव के दौरान उन्होंने इसका कई बार जिक्र भी किया था।

जिन उद्योगपतियों को न्योता भेजा गया हैं, उनमें मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, एन. चंद्रशेखरन, कुमार मंगलम बिरला,आनंद महिंद्रा, लुलु ग्रुप के यूसुफ अली, टोरेंट ग्रुप के सुधीर मेहता, गोयनका ग्रुप के संजीव गोयनका और लोढ़ा ग्रुप के अभिनंदन लोढ़ा के नाम हैं। इसके साथ ही अमिताभ बच्चन के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की चर्चा हैं।

CM yogi

शपथ ग्रहण के ग्रैंड शो से नजर 2024 पर:

योगी के शपथ ग्रहण के ग्रैंड शो के साथ ही यूपी में BJP महाअभियान 2024 की शुरुआत भी कर देगी। इसलिए, प्रदेश की 80 सीटों को ध्यान में रखते हुए सारे समीकरण साधे गए हैं। मंत्रिमंडल के नाम तय करने के लिए BJP में खूब माथापच्ची हुई। खुद योगी दो दिनों तक दिल्ली में रहे हैं। वहां शाह-नड्‌डा के साथ कई बैठकें की थीं। जातीय और क्षेत्रीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

यूपी में अब तक 21 राजनेता CM बने:

योगी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले 38वें मुख्यमंत्री हैं। हालांकि, बतौर चेहरा देखें तो 21वें सीएम हैं। यानी, योगी को मिलाकर अब तक 21 राजनेता यूपी के सीएम बन चुके हैं। इससे पहले मुलायम सिंह, मायावती, कल्याण सिंह, एनडी तिवारी, हेमवतीनंदन बहुगुणा, चंद्र भानु गुप्ता, संपूर्णानंद, गोविंद बल्लभ पंत ने दो या इससे ज्यादा बार प्रदेश की बागडोर संभाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *